Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के माजरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नया गांव में एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। मृतका की पहचान गुड़िया देवी पत्नी मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पटना (गांव गली) की रहने वाली थी और वर्तमान में नया गांव माजरा में रह रही थी।
रास्ते में ही महिला तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, गुड़िया देवी ने अज्ञात कारणों से घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया था। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले गए। वहां डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन बेहतर इलाज की जरूरत को देखते हुए उसे डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, नाहन ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मृत्यु हो गई।
पति का बयान और पुलिसिया जांच..
सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। मृतका के पति मुकेश कुमार ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि उसकी पत्नी ने गुस्से में आकर यह घातक कदम उठाया था। पति ने इस मामले में किसी भी व्यक्ति पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है।
एसपी ने की पुष्टि..
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिरमौर, एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। शुरुआती चिकित्सकीय जांच में शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस मौत के असली कारणों और परिस्थितियों की गहराई से जांच कर रही है।












