Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28 जुलाई से 31 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने 30 और 31 जुलाई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों से मौसम की चेतावनियों का पालन करने, नदी-नालों के पास जाने से बचने और अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी है.
अगले चार दिन झमाझम बरसेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 27 जुलाई से 1 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि बारिश की सबसे अधिक गतिविधि 29 जुलाई की देर रात से 31 जुलाई के बीच देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, 27 जुलाई को सोलन और सिरमौर जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. 28 जुलाई को बिलासपुर और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना है. 29 जुलाई को सिरमौर जिले के लिए येलो अलर्ट रहेगा. वहीं 30 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 31 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और शिमला जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट रहेगा.
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सोलन जिले के कंडाघाट में करीब 100 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा बिलासपुर के काहू में 40 मिलीमीटर, कुल्लू के कोठी में लगभग 20 मिलीमीटर, शिमला शहर में 16 मिलीमीटर और कुफरी में 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. सिरमौर सहित कई अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई.
फिलहाल फ्लैश फ्लड का खतरा नहीं
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति नहीं बनी है, क्योंकि पिछले 24 घंटों में बारिश की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रही है. हालांकि 28 जुलाई से शुरू होने वाले नए बारिश के दौर के दौरान यदि परिस्थितियां बनती हैं तो मौसम विभाग समय-समय पर फ्लैश फ्लड बुलेटिन जारी करेगा. लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
मानसून सीजन में सामान्य से 7 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई महीने में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है. केवल हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और लाहौल-स्पीति में सामान्य से कम बारिश हुई है. वहीं 1 जून से 27 जुलाई तक पूरे मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 7 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में माना है.
