Khabron wala
राज्य में 3 नवम्बर की रात से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 4 और 5 नवम्बर को मौसम में बदलाव आएगा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तथा कुछ मैदानी भागों में हल्की वर्षा हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद 6 और 7 नवम्बर को मौसम फिर साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि शनिवार को साफ चल रहे मौसम के बीच में मंडी, सुंदरनगर व बिलासपुर में हल्का कोहरा छाया हुआ है।
प्रदेश के कई उच्च पर्वतीय इलाकों में न्यूनतम तापमान लुढ़क गया है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। शनिवार को शुष्क मौसम के बावजूद राज्य के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हिल स्टेशन शिमला, मनाली और धर्मशाला में गुनगुनी धूप के कारण सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है। मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सैल्सियस की गिरावट आई है।
सबसे ठंडा इलाका लाहौल-स्पीति जिले का कुकुमसेरी रहा, जहां तापमान माइनस 1.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा केलांग में 0.7 डिग्री, ताबो में 2.1, कल्पा में 4.7, मनाली में 6.1, भुंतर में 9.3, शिमला में 12, सुंदरनगर और धर्मशाला में 11.8, पालमपुर में 10, सोलन में 10.4, कांगड़ा में 13.5, मंडी और बिलासपुर में 13.9, हमीरपुर में 12.9, कुफरी में 11, नारकंडा में 8.9, रिकांगपिओ में 8.4 और कसौली में 14 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया।












