Khabron wala
राजधानी शिमला के बंसतपुर वृद्धाश्रम में वृद्धों को कीड़े वाला और एक्सपायरी खाना खिलाया जा रहा है। इस बात का खुलासा उस समय हुआ जब राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डाॅ. एसपी कत्याल ने बसंतपुर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता और उनके रहन-सहन की स्थिति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डाॅ. कत्याल ने भंडारित राशन की जांच भी की। उन्होंने जांच में पाया कि वृद्धों को खिलाए जाने वाले आटे में छोटे-छोटे कीड़े यानि घुन पाए गए। वहीं इस दौरान चावल भी पुराने व एक्सपायरी पाए गए। यही नहीं, दाल चना भी एक्सपायरी पाई गई।
आश्रम में खपत से ज्यादा आ रहा राशन
इस पर अध्यक्ष ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह वृद्धजनों की देखभाल करें और यह सुनिश्चित करें कि खाद्य सामग्री का समय पर उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि आश्रम में खाद्य पदार्थों का उचित प्रबंधन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आश्रम में आए दिन लोग राशन दान देते हैं। यह राशन खपत से ज्यादा आ रहा है, ऐसे में यह खराब हो रहा है। यह राशन अन्य केंद्रों में भी दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा इस मामले में राज्य सरकार से ऑडिट करने का आग्रह किया जाएगा कि कितना राशन डोनेट किया जा रहा और उसकी खपत कितनी है।
ये भी दिए निर्देश
डाॅ. एसपी कत्याल ने कर्मचारियों को पेयजल की उपलब्धता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आश्रम में चिकित्सक निवासियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने वृद्धाश्रम के निवासियों की रहन-सहन की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। इसके दौरान डाॅ. कत्याल ने बसंतपुर सहित बगैण, धरस्थाई और घरयाणा के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया और सुन्नी स्थित सीडीपीओ कार्यालय का भी दौरा किया।
उचित मूल्य की दुकान का भी निरीक्षण
डाॅ. एसपी कत्याल ने सुन्नी तहसील सरकारी समिति द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान का भी निरीक्षण किया। वहीं उन्होंने विक्रेता को निर्देश दिए कि दुकान पर सूचना पट्ट लगाएं और एक कम्पलेंट कम लॉग बुक बनाएं, ताकि शिकायतों को विधिवत दर्ज किया जा सके और सक्षम अधिकारी समय पर उनकी समीक्षा कर समाधान कर सकें।












