Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां हाथों की मेहंदी का रंग छूटने से पहले ही एक नई नवेली दुल्हन ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। युवती की शादी को मात्र 20 दिन हुए थे। लेकिन 20 दिन बाद ही युवती ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। वहीं मृतक नई नवेली दुल्हन के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है।
नई नवेली दुल्हन की मौत से इलाके में सन्नाटा
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला ऊना जिला के सदर पुलिस थाना के तहत भड़ोलियां खुर्द गांव से सामने आया है। यहां नवविवाहिता की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। मृतका का मायका पोलियां बीत, हरोली में है। मृतका के पिता ने पति और ननद पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में मृतका के पिता भीष्म सिंह ने बताया कि बेटी की शादी 24 अक्टूबर को रोहित कुमार के साथ हुई थी। शादी के अगले ही दिन से दंपत्ति के बीच झगड़े शुरू हो गए। पिता का कहना है कि उनकी बेटी ने बार.बार मायके पक्ष को बताया कि उसका पति और ननद उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करते हैं। पिता के अनुसार दहेज के लिए लगातार दबाव और उत्पीड़न के चलते उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान थी।
13 नवंबर की देर रात बेटी के पति रोहित ने फोन कर बताया कि नवविवाहिता ने फंदा लगा लिया है और उसे इलाज के लिए एम्स बिलासपुर ले जाया जा रहा है। चार दिन तक इलाज के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पिता भीष्म सिंह का कहना है कि हाथों की मेहंदी का रंग भी पूरी तरह फीका नहीं पड़ा था, लेकिन उनकी बेटी की खुशियों भरी जिंदगी अचानक समाप्त हो गई।
एएसपी ऊना संजिव भाटिया ने पुष्टि की कि शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच जारी है और हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोग इस घटना से हतप्रभ हैं। परिवार न्याय की मांग कर रहा है, जबकि पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि क्या शादी के शुरुआती दिनों में उत्पीड़न और मानसिक दबाव के चलते ही यह दर्दनाक कदम उठाया गया।









