ADVERTISEMENT

टोकीयों गांव में प्रस्तावित स्टोन क्रेशर का ग्रामीणों ने किया विरोध

Khabron wala

NOC न देने की मांग, नदी तटबंध व आबादी पर खतरे का जताया अंदेशा

ग्राम पंचायत सैनवाला मुबारकपुर के टोकीयों गांव में प्रस्तावित स्टोन क्रेशर को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने विकास खंड अधिकारी पांवटा साहिब को ज्ञापन सौंपते हुए स्टोन क्रेशर को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) न देने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत क्षेत्र के समीप से सुक्कर और बातानदी बहती हैं, जिन्हें पूर्व में दोनों ओर से तटबंध बनाकर चैनलाइज किया गया था। वर्ष 2023 और 2025 में हुई भारी वर्षा के कारण बातानदी के तटबंध दो स्थानों पर लगभग 300 मीटर और 200 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। ऐसे में नदी किनारे बसे लोगों की सुरक्षा पहले ही खतरे में है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि स्टोन क्रेशर स्थापित किया गया तो नदी क्षेत्र में खुदाई और गतिविधियों से तटबंध को और नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से तटबंधों का निर्माण किया गया था, जो अब निरंतर वर्षा से कमजोर पड़ रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्रस्तावित स्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित है, जबकि 100 से 150 मीटर की दूरी पर रिहायशी मकान और उपजाऊ कृषि भूमि है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग-07 भी करीब 100 मीटर की दूरी पर है, जिससे दुर्घटनाओं और प्रदूषण की आशंका बढ़ सकती है।

समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित, पर्यावरण सुरक्षा और भविष्य की आपदा संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए स्टोन क्रेशर को NOC न दी जाए।

ज्ञापन की प्रतिलिपि उपायुक्त (DC), उपमंडलाधिकारी (SDM) तथा ग्राम पंचायत सचिव को भी भेजी गई है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!