Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से यह सवाल बना हुआ था कि आखिर चिट्टे की सप्लाई के पीछे असली चेहरे कौन हैं। अब शिमला पुलिस ने इस रहस्य से पर्दा उठाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। लोगों तक चिट्टा पहुंचाने वाले शाही महात्मा गैंग के एक अहम सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो पिछले डेढ़ साल से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी को नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
468.380 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़ा गया था आरोपी
बताया जा रहा है कि नशे का जो तस्कर पकड़ा गया है वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। यह मामला पुलिस थाना कोटखाई में दर्ज अभियोग संख्या 50/24 से जुड़ा है, जो 19 सितंबर 2024 को सामने आया था। उस दिन पुलिस ने आरोपी मुद्दसीर अहमद मोची से करीब 468.380 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की थी।
इतनी बड़ी मात्रा में नशा बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और धीरे-धीरे एक बड़े ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच के दौरान पता चला कि इस पूरे नेटवर्क का सरगना शाही महात्मा था, जबकि व्यक्ति उसका मुख्य सहयोगी और सप्लायर था। पुलिस के अनुसार, आरोपी बाहरी राज्यों से चिट्टा लाता था और शाही महात्मा के साथ मिलकर रोहड़ू और आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई करता था।
डेढ़ साल तक पुलिस से बचता रहा आरोपी
अब तक इस केस में कुल 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें गैंग का मुख्य सरगना शाही महात्मा भी शामिल है। हालांकि मुद्दसीर अहमद की गिरफ्तारी के बाद आरोपी व्यक्ति और शाही महात्मा दोनों फरार हो गए थे। बाद में शाही महात्मा तो पुलिस के हत्थे चढ़ गया, लेकिन व्यक्ति डेढ़ साल तक लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए लगातार निगरानी रखी हुई थी। आखिरकार 19 फरवरी को कोटखाई थाना और ठियोग सब-डिवीजन की विशेष टीम ने तकनीकी जानकारी और पुख्ता सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान
‘शाही महात्मा गैंग’ का मुख्य सप्लायर प्रदीप कुमार उर्फ रांटा उम्र 38 साल गांव निवासी बिजौरी, जिला शिमला के रुप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि इस गैंग का नेटवर्क करीब 500 से ज्यादा नशा करने वाले लोगों तक फैला हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी को पूरे ड्रग नेटवर्क पर बड़ा झटका माना जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।









