कार में चिट्टा और बस स्टॉप के पास पकड़ी चरस की खेप, चम्बा के 5 तस्कर गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में नूरपुर पुलिस को एक ही दिन में दो बड़ी कामयाबियां हाथ लगी हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 5 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए सभी पांचों आरोपी पड़ोसी जिले चम्बा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चिट्टा और चरस की खेप बरामद कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार पहले मामले में पुलिस टीम चक्की पुल (कंडवाल) के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान पंजाब की तरफ से आ रही एक काले रंग की ऑल्टो कार को शक के आधार पर रोका गया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें सवार 4 युवकों के कब्जे से 4.24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ और कार को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान दरवेश नाथ, कमलेश कुमार, नितिन सिंह और विकास कुमार के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी चम्बा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

वहीं दूसरे मामले में सीआईए नूरपुर की टीम ने ने बस स्टॉप नियाद (गुरचाल) के पास संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को जांच के लिए रोका। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 512 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान रमेश चंद निवासी गांव डोभी, उपतहसील साहो व जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे धकेल दिया है।

सप्लाई नैटवर्क खंगाल रही पुलिस : एसपी

इन दोनों मामलों की पुष्टि एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नशीले पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है और सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस अब इन तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह नशा कहां से खरीदा गया था और इसे नूरपुर या आसपास के किस इलाके में सप्लाई किया जाना था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!