Khabron wala
जिला ऊना में एक महिला द्वारा अपने नाबालिग बेटे संग आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है. सदर थाना ऊना के तहत झलेड़ा में एक प्रवासी महिला और उसके 10 साल के बेटे ने खुदकुशी करने की कोशिश की, जिसके चलते महिला की मौत हो गई है और उसके बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है. बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है. वहीं, पुलिस ने प्रवासी महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
घरेलू विवाद के बाद खुदकुशी
एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि झलेड़ा में रहने वाली प्रवासी महिला बबली का बुधवार सुबह किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद के बाद उसका पति घर से चला गया. इसके कुछ समय बाद महिला और उसके 10 साल के बेटे युवराज ने आत्महत्या की कोशिश की. जब दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी तो आसपास के लोगों को इसके बारे में पता चला. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मां-बेटे को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में बच्चे को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है. पुलिस द्वारा महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है. साथ ही पुलिस द्वारा ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में मां-बेटे ने ये कदम उठाया. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. वहीं, महिला के पति का भी फिलहाल कोई सुराग नहीं लग पाया है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
“पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आत्महत्या के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. मृतक महिला के पति की तलाश की जा रही है. पुलिस टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.” – संजीव भाटिया, एएसपी ऊना











