संजौली मॉब लिंचिंग केस में चार और गिरफ्तार, अब तक छह आरोपी सलाखों के पीछे
दुकान में घुसकर मारपीट, जुलूस निकालने के आरोप; पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया
शिमला। संजौली में कथित तौर पर दुकान में घुसकर मारपीट करने और दो युवकों को सार्वजनिक रूप से घुमाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस बहुचर्चित मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
पुलिस थाना संजौली में दर्ज मामले के अनुसार शिकायतकर्ता अजीम मिर्जा ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उनकी दुकान में घुस आए, उनके साथ मारपीट की, सीसीटीवी कैमरों की तारें तोड़ दीं और बाद में उन्हें तथा उनके सहकर्मी आफताब को दुकान से बाहर निकालकर पीटा और सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी मदन ठाकुर और विजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया था। अब जांच के दौरान चार अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया है।
नवगिरफ्तार आरोपियों में श्वेता चौहान, कल्पना शर्मा, गौरव कुमार और गगन शर्मा शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस की दो टूक जिला शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद या आपराधिक घटना की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भीड़ बनाकर हिंसा करने या कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









