लघु उद्योग भारती, कालाआम इकाई ने गत दिन लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का किया भव्य स्वागत
Khabron wala
पांवटा साहिब: लघु उद्योग भारती, काला आम इकाई द्वारा संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश, उत्तर क्षेत्र प्रभारी अरविंद धूमल, प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन, महामंत्री अश्वनी गर्ग तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विक्रम बिंदल का काला आम आगमन हुआ, जहाँ स्थानीय उद्यमियों ने उनका स्वागत किया।
यद्यपि माननीय पदाधिकारियों का मुख्य कार्यक्रम पांवटा साहिब में नई इकाई के गठन हेतु निर्धारित था, तथापि लघु उद्योग भारती काला आम इकाई के आग्रह पर उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम के मध्य काला आम में अल्प प्रवास कर स्थानीय उद्योगपतियों से भेंट एवं संवाद किया।

इस अवसर पर काला आम औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों एवं उद्योगों के समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर सार्थक चर्चा हुई तथा प्रदेश में उद्योगों के अनुकूल वातावरण के निर्माण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि लघु उद्योग भारती सदैव सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के हितों के संरक्षण, औद्योगिक विकास तथा रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मौके पर कालाआम इकाई के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन एवं संवाद से स्थानीय उद्योगों को नई ऊर्जा एवं दिशा प्राप्त होती है तथा संगठन और अधिक सशक्त होकर उद्योग हित में कार्य करेगा।
इस अवसर पर काला आम इकाई के पदाधिकारी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।







