ADVERTISEMENT

हिमाचल में 112 सड़कें और 189 ट्रांसफार्मर ठप्प, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार कहर बरपा रहा है। भारी बारिश, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर होने से राज्यभर में जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। प्राकृतिक आपदा के कारण प्रदेश की बुनियादी सुविधाएं चरमरा गई हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार शाम तक प्रदेशभर में कुल 112 सड़कें, 189 बिजली ट्रांसफार्मर और 61 पेयजल योजनाएं पूरी तरह से ठप्प रहीं। जानकारी के अनुसार सुबह के समय 168 सड़कें बंद पड़ी हुईं थीं, जिनमें से कई को बहाल कर लिया गया, जिससे शाम तक बंद सड़कों का आंकड़ा घटकर 112 रह गया। हालांकि, बिजली और पानी की आपूर्ति की समस्या में इजाफा हुआ है।

मंडी, सोलन और सिरमौर सबसे ज्यादा प्रभावित, पांवटा साहिब में स्कूलों की छुट्टी

जिलेवार स्थिति पर गौर करें तो सड़क संपर्क टूटने से सबसे अधिक परेशानी मंडी जिले में है, जहां 37 मार्ग अवरुद्ध हैं। वहीं, सोलन जिले में 90 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प होने से कई इलाकों में ब्लैकआऊट की स्थिति है। इसके अलावा, सिरमौर जिले में 27 पेयजल योजनाएं बाधित होने से जल संकट गहरा गया है। खराब मौसम और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को गुरुवार को भी बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। गौरतलब है कि यहां बुधवार को भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था।

सिरमौर और ऊना में सबसे ज्यादा बरसे बादल

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के सिरमौर और ऊना जिलों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम के वक्त हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जटौन बैराज में 135.4 मिलीमीटर, रायपुर मैदान में 124.2, नयनादेवी में 110.6, देहरा गोपीपुर में 97.2, नादौन में 90, कांगड़ा व घमरूर में 76.2, मुरारी देवी में 66.6 और नाहन में 64.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

11 अगस्त तक भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 11 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने 6 अगस्त को बिलासपुर, कांगड़ा व सिरमौर, 7 और 8 अगस्त को सिरमौर और कांगड़ा तथा 9 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा व सिरमौर में भारी बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 10 और 11 अगस्त को भी राज्य के कई स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!