ADVERTISEMENT

Himachal : लाहौल स्पीति की DC के पिता और पूर्व विधायक का राजस्थान में मर्डर, CM सुक्खू ने जताया शोक

Khabron wala 

राजस्थान के भरतपुर क्षेत्र में क्रशर प्लांट को लेकर हुए विवाद में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या कर दी गई। मृतक अतर सिंह भड़ाना हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की उपायुक्त (DC) आईएएस किरण भड़ाना के पिता थे। वहीं, इस दुखद घटना पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, भरतपुर जिले के भौंडा गांव स्थित एक क्रशर प्लांट को लेकर ग्रामीणों के बीच विवाद छिड़ गया था। इसी दौरान 70 से 80 लोगों ने पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर और उनके साथ मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले वैर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन यहां उपचार के दौरान रात करीब 11:30 बजे उनकी मौत हो गई। वहीं, घटना के बाद से क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

लाहौल-स्पीति की डीसी किरण भड़ाना के पिता के आकस्मिक निधन पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि लाहौल एवं स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना जी के पिता एवं पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं किरण जी एवं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। उल्लेखनीय है कि मूल रूप से फरीदाबाद निवासी अतर सिंह भड़ाना राजस्थान की बयाना सीट से विधायक रह चुके थे और क्षेत्र के प्रमुख गुर्जर नेताओं में गिने जाते थे।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *