पांवटा साहिब बांगरण भगाणी जाने वाली सड़क काफी जर्जर हो गई है। जगह-जगह सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। बरसात में पानी भरे होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ गई है। सड़क की इस स्थिति से नागरिक खासे नाराज हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों के पास गुहार लगाने के बावजूद भी सड़क नहीं सुधर पाई है।पांवटा साहिब में सड़कों की जाल बिछा कर विकास के दावे किए जा रहे हैं। गांव-गांव में आवागमन के साधन के लिए सड़कें बनाई जा रहीं हैं। पर देखरेख के अभाव एवं गुणवत्ता में कमी के चलते सड़कें पहले ही जर्जर हो रही हैं। ये सड़कें जनता के लिए परेशानी का सबब बनकर आए दिन दुर्घटना को आमंत्रित कर रही हैं। मजबूरी में जनता उन बदहाल सड़कों पर जान जोखिम में डाल कर यात्रा करने को मजबूर हो जाती है। इन सड़कों पर विकास का वादा करने वाले जनप्रतिनिधि भी यात्रा करते हैं। पर वे भी पद में आने के बाद अपने वादे भूल जाते हैं।पांवटा बांगरण भगाणी सड़क काफी इंतजार के बाद बनी थी। काफी मांग के बाद सड़क का निर्माण पूरा हुआ था। पर बनने के कुछ ही महीनों बाद सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी। वर्तमान में इस सड़क की हालत यह है कि कई स्थानों पर सड़क है या नहीं, इसका पता ही नहीं चलता। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। यह सड़क यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है दो पहिया वाहन चालक का चलना तो और भी मुश्क़िल हो गया है। इस मार्ग पर प्रतिदिन लगभग एक हजार वाहनों का आवागमन होता है।
सड़क पर बने गड्ढों से बचकर चलना बनी मजबूरी
पांवटा से भगाणी जाने वाल मार्ग पर गड्ढे ही नजर आ रहे हैं। इसमें पानी भरने से यह हादसे को न्योता दे रहे हैं।बार-बार मांग के बाद भी नहीं सुधरी दशा
इस क्षेत्र के ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों को इस सड़क के सुधार करने की मांग की। पर आज तक न तो सड़क सुधरी और न ही लोगों को राहत मिली। जिसके कारण इस क्षेत्र के ग्रामीण व्यथित हैं। सड़क की उपेक्षा से यह साबित हो जाता है कि उच्च पदों पर बैठे अधिकारी ऐसे मामलों में कितने संवेदनशील हैं।उधर इस बारे में एक्सियन पीडब्ल्यूडी दलीप ने बताया कि इस सड़क की रिपेयर के का काम जल्द शुरू किया जाएगा साथ ही बरसात को देखते हुए जल्द ही गड्डे भरे जाएंगे।