सीएम सुक्खू का बड़ा आराेप, कहा-हिमाचल की वित्तीय हालत को जयराम ठाकुर ने बिगाड़ा

Khabron wala 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश के खराब वित्तीय हालात के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश की आर्थिकी को संभाला होता तो आज हालात इतने खराब न होते। सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय भाजपा 5 गुटों में बंटी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को प्रदेश हित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से आपदा से निपटने के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपए के प्रोजैक्ट को दिलाने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए जायका से स्वीकृत 1400 करोड़ रुपए के प्रोजैक्ट के बाद आपदा से निपटने के लिए 2000 करोड़ रुपए का प्रोजैक्ट भी स्वीकृत होगा।

हिमाचल को उसके हक के तहत मिला जायका प्रोजैक्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर को याद होना चाहिए कि जायका प्रोजैक्ट हिमाचल प्रदेश को उसके हक के तहत मिला है। यह प्रोजैक्ट अभी स्वीकृत हुआ, जिसको जमीन पर उतरने में कुछ औपचारिकताओं को पूरा करना होगा। इससे एमआरआई सहित अन्य पुरानी मशीनरी को भी बदला जाएगा। उन्हाेंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के बाद इस प्रोजैक्ट को वित्त मंत्रालय से स्वीकृति मिली है। इसमें 72 फीसदी ऋण राशि का भुगतान केंद्र सरकार और 28 फीसदी राज्य सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि 16वें वित्तायोग से प्रदेश को टैक्स शेयर के तहत राशि स्वीकृत होगी।

भाजपा विधायक पर लगे आरोपों की गहनता से जांच होगी

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा विधायक डाॅ. हंसराज पर लगे आरोपों की गहनता से जांच होगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में महिला ने पहले आरोप लगाने के बाद एफआईआर दर्ज करवाई थी। अब दोबारा फिर से उनकी तरफ से एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद बयान नहीं दिया जाना चाहिए था।

10 नवम्बर को मंडी में आपदा प्रभावितों के लिए होगा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 नवम्बर को मंडी में आपदा प्रभावितों के लिए कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें जिन परिवारों के घर आपदा में पूरी तरह से नष्ट हुए हैं, उन्हें 7.70 लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके तहत पहली किस्त के रूप में 4 लाख रुपए दिए जाएंगे। आंशिक रुपए से घर टूटने पर 1 लाख रुपए और दुधारू पशुओं की मौत पर 55 हजार रुपए मिलेंगे। इस कार्यक्रम में कोई केंद्रीय नेता नहीं आएगा, बल्कि वह खुद तथा राजस्व मंत्री व उनके मंत्रिमंडल सहयोगी इसमें शामिल होंगे

पंचायत चुनाव से पहले आपदा प्रभावितों को पहुंचाएंगे राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का पहला लक्ष्य पंचायत चुनाव से पहले आपदा प्रभावितों के राहत एवं पुनर्वास कार्य के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि जैसे ही सभी पंचायतों की सभी सड़कों को खोल दिया जाएगा, वैसे ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

पर्यटन सीजन से पहले शीतकालीन सत्र बुलाया, भाजपा को मिलेगा पूरा मौका

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटन सीजन से पहले शीतकालीन सत्र को बुलाया है। इससे पहले शीतकालीन सत्र पर्यटन सीजन के दौरान होता था, जिससे कारोबारियों को नुक्सान होता था। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में यह सबसे लंबा शीतकालीन सत्र होगा, जिसमें भाजपा को सारे मुद्दे उठाने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को इसमें आपदा सहित संबंधित मुद्दे उठाने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि गुटों में बंटी भाजपा अपनी कुर्सी बचाने के लिए कांग्रेस सरकार पर आरोप लगा रही है, जबकि उसको तथ्यों पर बात करनी चाहिए।

बिजली उत्पादन से आत्मनिर्भर बनेगा हिमाचल

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विद्युत उत्पादन से आत्मनिर्भर बनेगा। इसके लिए जल विद्युत एवं श्री रेणुका जी जैसे पंप स्टोरेज परियोजनाओं के अलावा सौर ऊर्जा उत्पादन पर ध्यान दिया जा रहा है। इससे 450 मैगावाट बिजली का उत्पादन होगा। इससे प्रदेश को सर्दियों में दूसरे राज्यों से 5 रुपए प्रति यूनिट के हिसाब से मार्च तक बिजली नहीं खरीदनी पड़ेगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!