CM सुक्खू ने साधा निशाना, बाेले-जयराम ठाकुर ने अपने ठेकेदार मित्रों पर लुटाई केंद्र से मिली धनराशि

Khabron wala 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए केंद्र सरकार से मिली धनराशि को अपने ठेकेदार मित्रों पर लुटाया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में करीब 1000 करोड़ रुपए के भवन बनाकर खाली छोड़े। वर्तमान सरकार खाली पड़े इन भवनों में सरकारी कार्यालयों को तबदील कर रही है। ऐसे ही कुछ कार्यालय कांगड़ा, मंडी और ऊना में स्थानांतरित करने की कोशिश की जा रही है।

मंडी में इंटरनैशनल एयरपोर्ट नहीं बना पाए पूर्व मुख्यमंत्री

शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह 5 वर्ष तक मंडी में इंटरनैशनल एयरपोर्ट बनाने के लिए 1000 करोड़ रुपए लाने का गुणगान करते रहे, लेकिन इस दिशा में बात आगे नहीं बढ़ पाई। इसके विपरीत कांग्रेस ने कांगड़ा को टूरिज्म कैप्टिल बनाने का निर्णय लिया। इसके लिए कांगड़ा एयरपोर्ट भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी तथा अब तक लोगों को 1200 करोड़ रुपए का मुआवजा वितरित कर दिया गया है। इसके अलावा सरकार भूमि अधिग्रहण की 2500 करोड़ रुपए की शेष राशि को आबंटित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है और शीघ्र कांगड़ा में इंटरनैशनल एयरपोर्ट बनाने में सफल होगी।

मेरा ड्रीम प्रोजैक्ट जनता की सेवा करना, जयराम का ड्रीम प्रोजैक्ट अधूरा

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मेरा ड्रीम प्रोजैक्ट जनता की सेवा करना है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का ड्रीम प्रोजैक्ट मंडी में इंटरनैशनल एयरपोर्ट बनाने का था, जो पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के अनुरूप पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने हिमाचल प्रदेश की संपदा को लुटाने का काम किया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय जून, 2022 तक जीएसटी कम्पनसेशन मिलता रहा। इसी तरह पूर्व सरकार के समय 3 वर्ष में 30 हजार करोड़ रुपए की राजस्व घाटा अनुदान राशि मिली, जबकि वर्तमान सरकार के समय पिछले वर्ष 6000 करोड़ रुपए और इस वर्ष 3200 करोड़ रुपए मिले। इसके बावजूद राज्य सरकार ने कर्मचारियों के वेतन और पैंशनर्ज की पैंशन नहीं रुकने दी।

हिमाचल पर मौसम परिवर्तन का असर

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर मौसम परिवर्तन का असर साफ दिखा है। प्रदेश में पहले 25 दिसम्बर से बर्फ पड़नी शुरू हो जाती थी, लेकिन 1 माह बाद भी मौसम साफ बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन के कारण आए इस बदलाव का अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अभी भी मौसम परिवर्तन के कारण आई प्राकृतिक आपदा से हुए नुक्सान की भरपाई कर रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!