Khabron wala
कांगड़ा शहर के व्यस्त कॉलेज रोड पर वीरवार सुबह एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया। कुत्ते ने स्कूल जा रहे बच्चों और उनके अभिभावकों समेत कुल 11 लोगों को काट कर घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार यह कुत्ता बीती रात से ही आक्रामक था और लोगों पर झपट रहा था। सुबह के समय जब बच्चे अपने अभिभावकों के साथ स्कूल के लिए निकले तो कुत्ते ने एक-एक कर करीब 11 लाेगाें पर हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल कांगड़ा ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी-रैबीज इंजैक्शन लगाए गए और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
वहीं मामले की सूचना मिलते ही नगर परिषद कांगड़ा की टीम हरकत में आई और कुत्ते को पकड़कर पिंजरे में बंद कर दिया। नगर परिषद के ईओ आरएस वर्मा ने बताया कि कुछ देर बाद कुत्ते की मौत हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने नसबंदी के लिए टैंडर जारी किए थे और सोमवार से यह अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अल्पना सूद ने पुष्टि की कि अस्पताल में करीब 10 मरीजों का इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि अभी तक यह जानकारी नहीं है कि कुछ लोगों ने निजी अस्पतालों में भी इलाज करवाया है या नहीं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में कुत्ते अक्सर दोपहिया वाहनों के पीछे भी दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।