ADVERTISEMENT

सिरमौर में स्मैक तस्करी में लिप्त डॉक्टर गिरफ्तार , खुद भी नशे का आदी है आरोपी डॉक्टर

सिरमौर में स्मैक तस्करी के एक बड़े मामले में पुलिस ने एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर न केवल नशे की तस्करी में शामिल था, बल्कि खुद भी नशे का आदी बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से स्मैक की सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। स्थानीय स्तर पर युवाओं तक नशा पहुंचाने में उसकी भूमिका अहम मानी जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।पुलिस अब इस मामले में उसके नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, क्योंकि एक डॉक्टर जैसे जिम्मेदार पेशे से जुड़े व्यक्ति का इस तरह के अपराध में शामिल होना चिंता का विषय माना जा रहा है।

मामले में पुलिस थाना सदर नाहन ने दिनाँक 31.03.2026 को अभियोग संख्या 47/26 के तहत धारा 21 ND&PS एक्ट में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस मामले में गहन जाँच के दौरान आरोपी डॉ. आदित्य शर्मा(CHC हरिपुरधार में तैनात चिकित्सक) की भी संलिप्तता पाई गई है, जिसने अभिमन्यु ठाकुर और भानु गर्ग को स्कूटी (HP 18B 0444) पर नारायणगढ़ भेजकर 6.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन की खेप मंगवाई थी। पुलिस जांच में डिजिटल लेनदेन और व्हाट्सएप चैट जैसे पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जिससे पुष्टि हुई कि आरोपी चिकित्सक वर्ष 2020 से नशे का आदी है और दिन में कई बार इंजेक्शन के जरिए नशा करता है।

आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने यह खेप हरियाणा के विक्की नामक व्यक्ति से खरीदी थी। वर्तमान में, डॉ. आदित्य को 3 दिन के पुलिस रिमांड के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेज दिया गया है, जबकि आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा को गहन जांच के लिए SFSL भेजा जा रहा है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!