Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। जिला कांगड़ा के भवारना पुलिस थाना क्षेत्र की बारी पंचायत के समाना गांव में बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
बारिश से गिरा मकान
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1 बजे तेज बारिश के बीच मकान का एक हिस्सा अचानक गिर गया। उस समय व्यक्ति कमरे में सो रहे थे और वे संभल नहीं पाए। देखते ही देखते पूरा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया और व्यक्ति उसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सेरू राम (90 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही भवारना पुलिस थाना प्रभारी गुरदेव सिंह और पंचायत प्रधान नीतू डढवाल मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह राजस्व विभाग के अधिकारी भी गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
तत्काल सहायता और आगे की मांग
पीड़ित परिवार BPL श्रेणी से संबंधित है। इसलिए प्रशासन ने परिवार को 10 हजार रुपये की तत्काल राहत राशि मुहैया करवाई। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस हादसे से प्रभावित परिवार को स्थायी मकान निर्माण के लिए आर्थिक मदद दी जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से अब लोग घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। पहाड़ी इलाकों में बने पुराने और कच्चे मकान बारिश की मार नहीं झेल पा रहे, जिससे गरीब परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। इस घटना के बाद लोगों में डर और दुख का माहौल है।
कमजोर पढ़ने लगा मानसून…
विदित रहे कि, हिमाचल प्रदेश में लगातार कहर बरपा रहा मानसून अब आज से कमजोर पड़ने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों तक पहाड़ों पर धूप खिली रहेगी। यह खबर उन ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए खासतौर पर राहत की सांस लेकर आई है, जो लंबे समय से बारिश और आपदाओं से जूझ रहे हैं। लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।