ADVERTISEMENT

होली के रंग हुए बेरंग, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, ब्यास नदी में डूबे युवक का 24 घंटे बाद मिला शव

Khabron wala 

होली के त्यौहार से ठीक दो दिन पहले ज्वालामुखी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। भडोली स्थित ब्यास नदी में नहाने गए 4 युवकों में से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे तक चले सर्च और रैस्क्यू ऑप्रेशन के बाद युवक का शव उसी स्थान के पास बरामद किया गया, जहां वह नहाने गया था। लगभग 15 से 20 मीटर नीचे सरिए के बीच में उसका शव फंसा हुआ था, ऐसा बताया जा रहा है। बताते चलें कि उसके भाई समेत 2 अन्य युवकों को पहले ही सुरक्षित बचा लिया गया था। मृतक की पहचान अंकित कुमार पुत्र हरदीप सिंह निवासी गांव बगेड़, डाकघर भडोली कुटियारा के रूप में हुई है। अंकित नादौन में एक कॉफी शॉप पर काम करता था और होली की छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। परिवार को क्या पता था कि यह होली उनके जीवन की सबसे बड़ी पीड़ा बन जाएगी।

घर के पास ही बुझ गया घर का चिराग

बताया जा रहा है कि जहां अंकित नहाने गया था, वहां से उसका घर कुछ ही दूरी पर स्थित है। होली से पहले हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पिता हरदीप सिंह पेंटर का काम करते हैं। परिवार में 2 बेटे थे, जिनमें अंकित बड़ा था जबकि उसका एक छोटा भाई है। बड़े बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार चारों युवक ब्यास नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में फिसलने से सभी युवक डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने टायर की ट्यूब की मदद से 3 युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि अंकित नदी की गहराई में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी पुलिस के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि युवक की पहचान अंकित कुमार के रूप में हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पानी का बहाव बीते दिन से ज्यादा

जानकारी के अनुसार एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों की टीमें 2 से 3 भाग में बंटी थीं और उक्त युवक को ढूंढने का प्रयास ब्यास नदी में कर रही थीं। इसी बीच एक टीम 3 से 4 किलोमीटर के एरिया में लापता युवक को ढूंढ रही थी, ऐसे में उसी स्थान पर जहां युवक नहा रहा था उसका शव मिलने के बाद टीम को वापस बुला लिया गया। बताया जा रहा है कि पानी का बहाव बीते दिन से ज्यादा होने और इसके अलावा पानी धुंधला होने के चलते टीम को लापता युवक को ढूंढने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस बीच टीम ने हार नहीं मानी और युवक के शव को कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!