ADVERTISEMENT

Himachal: नदी में पत्थरों के बीच मिला युवक, थम गई थी सांसें; 3 मोबाइल-जुराब में मिली चिट्टे की खेप

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रामपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 34 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत और उसके पास मिले सामान ने पुलिस के साथ साथ स्थानीय लोगों को भी स्तब्ध कर दिया है। नदी किनारे पत्थरों के बीच मिले मृतक युवक के पास तीन मोबाइल और जुराबों में छिपाया गया संदिग्ध पाउडर भी बरामद हुआ है। युवक की मौत एक रहस्यी बनी हुई है।

युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान के अलावा नाक और कान से खून बह रहा था। जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग युवक की हत्या की आशंका भी जाहिर कर रहे हैं। हालांकि इसका खुलासा पुलिस जांच में ही होगा।

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला रामपुर क्षेत्र के भगवती होटल के पास का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी गई कि नदी किनारे एक युवक घायल अवस्था में पत्थरों के बीच पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक युवक पैरोल पर जेल से बाहर आया था। वहीं युवक की जुराब में मिले संदिग्ध पाउडर की जांच करने पर वह चिट्टा हेरोइन पाया गया। जिसका वजन करने वह 22.26 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पत्थरों के बीच पड़ा मिला युवक

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि सतलुज नदी के किनारे बड़े.बड़े पत्थरों के बीच एक युवक लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। युवक के सिर पर गहरी चोटें थीं और उसके नाक तथा कान से खून बह रहा था। पुलिस ने जब उसकी पहचान करने की कोशिश की तो उसके पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान संदीप कुमार ;34द्ध पुत्र दलवीर सिंह के रूप में हुई। वह हरियाणा के कैथल जिले के कलायत क्षेत्र के गांव जखोली का रहने वाला बताया जा रहा है।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक और चौंकाने वाला सुराग मिला। युवक के एक पैर का जूता उतरा हुआ था। जब पुलिस ने उसकी जुराब की तलाशी ली तो उसमें एक पारदर्शी लिफाफे में पाउडर जैसा संदिग्ध पदार्थ मिला। पुलिस ने उस पदार्थ को मौके पर ही सील कर कब्जे में ले लिया है और जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

तीन मोबाइल फोन मिलने से बढ़ा रहस्य

घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को तीन अलग-अलग मोबाइल फोन भी मिले] जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है। युवक की जेब से एक काले रंग का Redmi मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं शव के पास पत्थरों के बीच एक छोटा iPhone मिला, जबकि सड़क के ऊपर भगवती होटल के पास एक और महंगा मोबाइल फोन ‘iPhone-17’ पड़ा हुआ मिला। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये तीनों फोन किसके हैं और इनका इस घटना से क्या संबंध है।

पुलिस को मृतक के पास से एक पर्स भी मिला, जिसमें उसका आधार कार्ड, करीब 11 हजार 250 रुपये नकद और 2 मार्च 2026 की एक बस टिकट बरामद हुई है। इसके अलावा घटनास्थल के पास से एक जूता भी मिला है, जिसे भी पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में लिया है।

फायर ब्रिगेड की मदद से निकाला गया शव

चूंकि शव नदी के किनारे पत्थरों के बीच फंसा हुआ था, इसलिए उसे बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम की मदद ली गई। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया और फिर रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया] जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और युवक की मौत के असली कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, पुलिस ने मृतक के परिजनों को हरियाणा में सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि परिजन रामपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद ही कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!