ADVERTISEMENT

हिमाचल में गैस की कालाबाजारी, 5 हजार रुपये में मिल रहा सिलेंडर- अब क्या होगा?

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन यानी बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ में इन दिनों एलपीजी गैस की भारी कमी देखने को मिल रही है। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बंद होने से होटल, ढाबा और उद्योगों की कैंटीन संचालकों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कारोबारी संगठनों का आरोप है कि स्थिति का फायदा उठाकर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है।

4 से 5 गुना ज्यादा वसूले जा रहे दाम
जानकारी के अनुसार, यहां बाजार में घरेलू एलपीजी सिलेंडर, जिसकी कीमत करीब 1015 रुपये है, उसे 4 से 5 हजार रुपये तक में बेचा जा रहा है। इसके बावजूद कई जगहों पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। चार दिनों से कमर्शियल गैस की सप्लाई बंद होने के कारण अधिकतर होटलों, ढाबों और उद्योगों की कैंटीन में गैस का स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है।

गैस की कमी का असर औद्योगिक इकाइयों में भी दिखाई देने लगा है। कई उद्योगों की कैंटीन में भोजन तैयार नहीं हो पाया, जिसके कारण कर्मचारियों को परेशानी झेलनी पड़ी। औद्योगिक संगठनों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है, खासकर फार्मा उद्योगों में।

उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि 19 किलो के व्यावसायिक सिलेंडर बाजार में उपलब्ध नहीं हैं, जिसके चलते लोग मजबूरी में घरेलू सिलेंडर महंगे दामों पर खरीदने को विवश हैं। कुछ उद्योगों ने कैंटीन संचालन के लिए बायोगैस जैसी वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार शुरू कर दिया है।

इस बीच प्रदेश की राजधानी शिमला में भी कई ढाबा संचालकों ने कमर्शियल सिलेंडर न मिलने के कारण खाना बनाना सीमित कर दिया है और कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजना पड़ा है। कारोबारियों और उद्योग संगठनों ने केंद्र व प्रदेश सरकार से जल्द समाधान निकालने और गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि औद्योगिक गतिविधियां और होटल कारोबार प्रभावित न हों।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!