ADVERTISEMENT

डेढ़ महीने बाद पुलिस के हाथ लगा ये ‘सीरियल चोर’, 12 मामलों का निकला आरोपी

Khabron wala

घर के सूना होने का फायदा उठाकर सोने और चांदी के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब डेढ़ महीने पहले हुई इस वारदात में चुराए गए जेवरातों की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार धर्मपुर निवासी करण कुमार ने 6 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि 5 फरवरी को वह अपनी ड्यूटी पर थे और उनके परिवार के सदस्य सत्संग में गए थे। जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ था और मुख्य दरवाजे का ताला भी गायब था। घर के अंदर जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला और उसमें रखे सोने और चांदी के जेवरात गायब पाए गए। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने दिन के समय इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और चोरी हुए जेवरातों व आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पुलिस थाना ठियोग से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और पूछताछ में यह सामने आया कि वह पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों और चोरी की वारदातों में संलिप्त रहा है।

एसपी सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने बताया कि इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी से गहन पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 4 फरवरी को धर्मपुर क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद मामले में संलिप्त आरोपी मोहमद शरीफ (55) निवासी गांव कोटी चडीयार, डाकघर सुरजन चिलोग, तहसील बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) को 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 13 मार्च को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी करने का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के थानों में कुल 12 मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें सोलन, अर्की, चुवाड़ी, हमीरपुर, सुजानपुर, सुंदरनगर, मंडी सदर, सरकाघाट और ठियोग के थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!