Khabron wala
देवभूमि हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई हैए जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत सलवाड़ के गूगा मल्होट में एक भेड़ पालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद जंगल के रास्ते फरार हो गया। इस निर्मम हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।
आधी रात को मौत के घाट उतारा मालिक
बताया जा रहा है कि मृतक करीब 45 वर्षीय भेड़ पालक मूल रूप से कुल्लू जिले का रहने वाला था, जो अपने दो नौकरों के साथ बीते दिसंबर महीने से मल्होट के जंगलों में अस्थायी डेरा जमाए हुए था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात पैसों के लेन-देन को लेकर मालिक और पालमपुर (कांगड़ा) निवासी नौकर के बीच तीखी बहस हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि नौकर ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। जब मालिक गहरी नींद में सोया हुआ था, तब आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर जोरदार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और उसके एक नौकर के बीच पैसों के लेन.देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से एक रात पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इसी रंजिश के चलते देर रात सो रहे मालिक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में आरोपी ने गर्दन पर कई वार किएए जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गया।
घटना के बाद वहां मौजूद दूसरे नौकर ने हिम्मत जुटाकर पुलिस को इस वारदात की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना शाहतलाई की टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और अहम सुराग एकत्र किए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों और वारदात के तरीके को लेकर और खुलासा होने की उम्मीद है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने खुद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी ने बताया कि मल्होट इलाके में एक भेड़ पालक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग.अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।










