ADVERTISEMENT

इराक के समुद्री क्षेत्र में फंसे 2,000 भारतीय नाविक, कैप्टन रमन कपूर ने लगाई सुरक्षा की गुहार

Khabron wala

पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के तनाव ने समुद्र में तैनात हजारों नाविकों की नींद उड़ा दी है। इराक के समुद्री क्षेत्र में इस समय करीब 700 जहाज फंसे हुए हैं, जिन पर लगभग 20,000 नाविक सवार हैं। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से संबंध रखने वाले कैप्टन रमन कपूर ने वहां के मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताई है। कैप्टन रमन कपूर ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति बेहद संवेदनशील और डरावनी हो गई है। अमरीका और इजरायल से जुड़े जहाजों पर हो रहे मिसाइल हमलों के कारण समुद्री क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जहाजों का आगे बढ़ना फिलहाल संभव नहीं है, जिस कारण सभी जहाज एक ही स्थान पर खड़े हैं। कैप्टन कपूर के अनुसार इन जहाजों पर करीब 2,000 भारतीय नाविक भी सवार हैं, जो निरंतर मानसिक तनाव और असुरक्षा के साये में जी रहे हैं।

नाविकों को सबसे बड़ा डर इस बात का है कि किसी भी समय उनका जहाज इन हमलों की चपेट में आ सकता है। कैप्टन कपूर ने भारत सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने आग्रह किया है कि सरकार कूटनीतिक स्तर पर समाधान निकालकर भारतीय नाविकों और जहाजों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यदि युद्ध की स्थिति लंबे समय तक खिंचती है तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। वर्तमान में सभी चालक दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षित निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!