Khabron wala
जिला सिरमौर के त्रिलोकपुर में शुक्रवार को एक हादसा पेश आया, जहां मंदिर के समीप पुलिया पर बने पैरापिट पर सो रहे एक व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई। अभी फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार त्रिलोकपुर में पालियो कट के पास खड्ड पर बनी पुलिया पर एक अज्ञात व्यक्ति पैरापिट पर सो रहा था। इसी दौरान वह अचानक संतुलन खो बैठा और नीचे जा गिरा। इस बीच लोगों ने उसे देख लिया और घायल हालत में उसे तुरंत त्रिलोकपुर मेले में ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की मोबाइल टीम के पास पहुंचाया।
बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि जैसे ही घटना की सूचना मिली तो डॉ. जयंत ने घायल को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते डॉ. जयंत ने उसे रेडक्रॉस की एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। वहां पहुंचते ही ईसीजी जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की बाजू पर “दानेश्वर प्रजापति” नाम गुदा हुआ है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह उसी व्यक्ति का नाम है या किसी और का। वह कहां का रहने वाला है। इतना जरूर है कि ये शख्स मेले में पहुंचा था। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए मेले में भी जगह-जगह अनाउस करवा दिया है। साथ ही आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मृतक शख्स की शिनाख्त में जुटी है और पोस्टमार्टम के लिए शव मेडिकल कालेज में सुरक्षित रखा गया है।








