Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पालमपुर में भाजपा के शहरी और ग्रामीण मंडलों की बैठक को संबोधित करते हुए ठाकुर ने सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन और जनता को गुमराह करने के गंभीर आरोप लगाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का व्यवस्था परिवर्तन का नारा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठे वादों के दम पर सत्ता में आई और आज उसकी गलत नीतियों के कारण समृद्ध हिमाचल प्रदेश कर्ज के जाल में फंस गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे नारेबाजी छोड़कर गंभीरता से काम करें ताकि राज्य को इस संकट से बाहर निकाला जा सके।
वित्तीय संकट और दावों की खुली पोल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2027 तक राज्य को आत्मनिर्भर और 2032 तक सबसे समृद्ध बनाने के मुख्यमंत्री के दावे पूरी तरह धराशायी हो गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व घाटा अनुदान (RDG) में कटौती की जानकारी 15वें वित्त आयोग के समय से ही स्पष्ट थी, लेकिन सरकार ने इसके लिए कोई तैयारी नहीं की और अब बजट की कमी का रोना रो रही है।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ खजाना खाली होने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कैबिनेट पद खाली रखकर दर्जनों चहेतों को कैबिनेट रैंक और सुख-सुविधाएं दी गई हैं। राज्य में वेतन और पैंशन में देरी हो रही है, विधायक निधि रोक दी गई है और पंचायतों के चुनाव आर्थिक तंगी के नाम पर टाले जा रहे हैं।
स्मार्ट मीटर टैंडर प्रकिया में बड़ा घाेटाला
जयराम ठाकुर ने स्मार्ट मीटर की टैंडर प्रकिया में बड़े घाेटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के टैंडर में नियमों को ताक पर रखकर चहेतों को फायदा पहुंचाया गया है, जो वित्तीय अनुशासनहीनता का बड़ा उदाहरण है।
कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में रहने का आह्वान
राज्य की वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक स्थिति को गंभीर और अनिश्चित बताते हुए जयराम ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं से हमेशा सतर्क और चुनावी मोड में रहने को कहा। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता और जिला पदाधिकारियों सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे, जिन्होंने आगामी चुनावों के लिए कमर कसने का संकल्प लिया।







