ADVERTISEMENT

Shimla: HRTC बस में लेकर जा रहे थे नशा, पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़े 2 तस्कर

Khabron wala

राजधानी शिमला में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान रंग ला रहा है। ताजा मामले में बालूगंज पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर एचआरटीसी (HRTC) बस में सफर कर रहे दो युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे के साथ दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल (जुब्बल) और विशाल वर्मा (ठियोग) के रूप में हुई है।

30.700 ग्राम चिट्टा बरामद

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि शिमला-रोहड़ू रूट की बस में दो युवक नशीले पदार्थ की खेप ले जा रहे हैं। बिना समय गंवाए पुलिस टीम ने आईएसबीटी (ISBT) शिमला में मोर्चा संभाला और बस के रुकते ही तलाशी शुरू की। बस की आखिरी सीटों पर बैठे इन दोनों युवकों की जब गहन जांच की गई, तो उनके कब्जे से 30.700 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब इन दोनों आरोपियों के नेटवर्क को खंगाल रही है। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि नशे की यह खेप कहां से खरीदी गई थी और शिमला के किन इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चिट्टा माफिया से जुड़े बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बालूगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने साफ किया कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा और पुलिस की यह मुहिम जारी रहेगी।

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!