ADVERTISEMENT

हिमाचल के देहरा में सरकारी स्कूल में बच्चों के सामने मिड-डे मील वर्कर की हत्या, मची चीख पुकार

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के सरकारी स्कूल में एक मिड डे मिल वर्कर की हत्या कर दी गई. जिले के देहरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत चनौर स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल का यह मामला है. स्कूल में घुसकर महिला की हत्या को अंजाम दिया गया है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी का पहचान अभी नहीं हो पाई है. हालांकि, बताया जा रहा है कि पड़ोसी ने ही हत्या को अंजाम दिया है. अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. डाडासीबा के डीएसपी राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:20 बजे यह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. स्कूल में मिड-डे मील बना रही महिला कुक की दराती से हमला किया गया. मृतका की पहचान सुलोचना देवी (58 वर्ष), पत्नी विशंभर दास, निवासी चनौर के रूप में हुई है, जो स्कूल में बतौर मिड-डे मील वर्कर (कुक) कार्यरत थीं.

स्कूल की सेंटर हेड टीचर सरिता देवी ने बताया कि बच्चों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वे बाहर आईं तो देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति सुलोचना देवी पर दराती से ताबड़तोड़ वार कर रहा था. हालात की गंभीरता को देखते हुए अध्यापकों ने तुरंत बच्चों को कमरों में बंद कर उनकी जान बचाई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके.

इसके बाद अध्यापकों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर उन पर भी हमला करने के लिए झपट पड़ा. इसी दौरान पास स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौर के अध्यापक भी मौके पर पहुंचे और पत्थर मारकर आरोपी को भगाने की कोशिश की, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही डाडासीबा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डाडासीबा अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है. आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्कूल परिसर में हुई इस वारदात से अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.  उधर, दोपहर दो बजे न्यूज से बातचीत में डाडासीबा के डीएसपी राजकुमार ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी और वह कहीं बाहर थे, लेकिन सूचना के बाद मौके पर पहुंचे हैं. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!