Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां तीन दिन पहले हुई वकील पर जानलेवा हमले की कोशिश के मामले में कांगड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
वकील पर जानलेवा हमला
पुलिस ने मुख्य आरोपी दलीप कुमार और उसके भाई विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सोमवार (21 सितंबर) को सामने आई थी, जब वकील शब्बीर कटोच पर कोर्ट जाते समय कार चढ़ाने की कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार, वकील शब्बीर कटोच स्कूटी पर सवार होकर कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान फॉरच्युनर कार से उन्हें कुचलने की कोशिश की गई। शब्बीर ने बताया कि वे आरोपी दलीप कुमार के खिलाफ चल रहे चार मामलों में पैरवी कर रहे हैं। इनमें से एक चेक बाउंस केस में अदालत ने दलीप को दोषी करार दिया है। इसी रंजिश के चलते यह हमला रचा गया।
पिता पर भी हमला
शिकायत में आरोप है कि घटना के दौरान आरोपी दलीप के साथ उसका भाई भी मौजूद था। वकील शब्बीर ने दावा किया कि दोनों ने उनके पिता के साथ मारपीट भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की।
इसी के तहत पुलिस टीम ने दलीप कुमार को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया। विनोद कुमार को पालमपुर से दबोचा गया। दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।कांगड़ा के SP का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे IPS अधिकारी अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी तहकीकात की जा रही है।