ADVERTISEMENT

हिमाचल: चिट्टे के खिलाफ एकजुट हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष, CM बाेले-यह राजनीति नहीं, युवा पीढ़ी काे बचाने की है लड़ाई

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का अंतिम दिन एक ऐतिहासिक और सकारात्मक तस्वीर के साथ संपन्न हुआ। प्रदेश की युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहे चिट्टे के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए शुक्रवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष ने अपनी राजनीतिक तलवारें म्यान में रखकर एकजुटता का परिचय दिया। विधानसभा परिसर में शुक्रवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। सदन की कार्यवाही में भाग लेने पहुंचे कांग्रेस और भाजपा के विधायकों ने ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ का संदेश लिखी विशेष ड्रैस पहनी हुई थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित सभी विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार नारेबाजी की। सभी ने एक सुर में “चिट्टे को भगाना है, युवाओं को बचाना है” का नारा दिया।

स्थानीय स्तर पर ग्राम सभाओं के माध्यम से दी जाएगी अभियान को धार : सीएम

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ एक ऐतिहासिक लड़ाई शुरू की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा राजनीति का नहीं, बल्कि हिमाचल के भविष्य और युवा पीढ़ी को बचाने का है। सीएम ने कहा कि सप्लायर युवाओं को लत लगा रहे हैं, इसलिए जागरूकता बेहद जरूरी है। शिमला और धर्मशाला में वॉकथॉन के बाद अब जिला मुख्यालयों और उपमंडल स्तर पर भी जागरूकता रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों शामिल होंगे, साथ ही स्थानीय स्तर पर ग्राम सभाओं के माध्यम से भी इस अभियान को धार दी जाएगी।

चिट्टे के खिलाफ छिड़ चुका है निर्णायक युद्ध : मुकेश अग्निहोत्री

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार के कड़े रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि चिट्टे के खिलाफ निर्णायक युद्ध छिड़ चुका है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों से प्रदेश में नशा पहुंच रहा है, जिसे रोकने के लिए नए और सख्त कानून बनाए जा रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित की गई संपत्ति को सरकार अटैच (कुर्क) कर रही है। पुलिस ने कई ऑप्रेशन चलाकर बड़े गिरोहों का पर्दाफाश किया है। इस अभियान के सार्थक परिणाम जल्द ही सामने आएंगे।

दूरदराज के इलाकों तक पहुंचा नशा, विपक्ष सरकार के साथ : जयराम ठाकुर

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नशे के फैलाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पहले नशा केवल सीमावर्ती क्षेत्रों तक सीमित था, लेकिन अब यह सुदूर और दुर्गम इलाकों तक भी पहुंच गया है, जहां इंसान का पहुंचना भी मुश्किल होता है। जयराम ठाकुर ने सरकार को आश्वस्त करते हुए कहा कि यह विषय राजनीति से हटकर है। केंद्र और प्रदेश सरकार नशे को खत्म करने के लिए जो भी प्रयास या अभियान चलाएगी, विपक्ष उसमें कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग देगा।

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!