भाजपा विधायक डाॅ. हंसराज के मामले में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का बड़ा बयान, जानिए क्या बाेले

Khabron wala

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि भाजपा विधायक डाॅ. हंसराज पर लगे आरोपों के लिए जांच प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों तरफ से सवाल खड़े किए गए हैं। ऐसे में जांच प्रक्रिया का इंतजार करना ही बेहतर है। जयराम ठाकुर शिमला में वंदे मातरम गीत पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान संबोधित एवं पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

You may also likePosts

जो पार्टी 1 वर्ष से कार्यकारिणी नहीं बना पाई, वह भाजपा पर क्या सवाल उठाएगी

जयराम ठाकुर ने सत्तारूढ़ कांग्रेस की तरफ से भाजपा के 5 गुटों में बंटे होने को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि जो पार्टी 1 वर्ष से अपनी कार्यकारिणी नहीं बना पाई है, वह भाजपा पर क्या सवाल उठाएगी? उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। इसमें केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जैसे नेता संगठन को आगे बढ़ा रहे हैं।

केंद्रीय सरकार की तरफ से स्वीकृत योजनाओं को अपना बताना हास्यास्पद

जयराम ठाकुर ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए स्वीकृत हुए 1422 करोड़ रुपए के प्रोजैक्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद सभी केंद्रीय योजनाओं में हिमाचल प्रदेश को 90:10 के अनुपात से फंडिंग हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का केंद्रीय सरकार की तरफ से स्वीकृत योजनाओं को अपना बताना हास्यास्पद है।

आजादी की लड़ाई को आवाज देने वाले राष्ट्र गीत का विरोध करना अपराध

जयराम ठाकुर ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई को आवाज देने वाले राष्ट्र गीत वंदे मातरम का विरोध करना अपराध है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र गीत सृजन के 150 वर्ष पूरे होने पर इस कार्यक्रम को आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इसके विरोध में खड़ी नजर आई है। उन्होंने कहा कि जब वर्ष 2019 में मध्य प्रदेश में कुछ समय के लिए कांग्रेस सरकार सत्ता में आई तो सचिवालय में वंदे मातरम गाने पर रोक ही लगा दी गई थी।

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!