भांग की खेती से मुक्त हुई पंचायत-पुलिस के साथ मिलकर महिला मंडल व युवक मंडल ने किया अभियान पूरा

जिला कुल्लू की ग्राम पंचायत जल्लूग्रां को भांग की खेती से मुक्त कराया गया है। दो चरणों में छेड़े गए भांग उखाड़ो अभियान को पूरा कर लिया गया है। पुलिस की मौजूदगी में ग्राम पंचायत जल्लूग्रां ने पंचायत के सभी वार्डों से भांग को उखाड़ फैंका है। इस अभियान में महिला मंडल व युवक मंडल ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। अभियान में प्रधान ग्राम पंचायत जल्लूग्रां शक्ति शर्मा, उप प्रधान लूदर चंद, वार्ड पंच जय किशन, प्रताप ठाकुर, बनीता, फुल्ला, गीता, आशा, महिला मंडल प्रधान उमा शर्मा, युवक मंडल प्रधान अमित बनियाल सहित दर्जनों लोगों ने भाग लिया जबकि पुलिस की तरफ से एचसी दीपक मौजूद रहे। पंचायत को भांगमुक्त करने के बाद प्रधान शक्ति शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत जल्लूग्रां में किसी भी तरह की भांग की खेती नहीं होती है। उन्होंने बताया कि जो प्राकृतिक तौर पर भांग उगी थी उसे पूरी तरह से नष्ट किया गया है ताकि कोई भी भांग के पौधों से चरस न बना सके और युवा पीढ़ी नशे से बची रह सके।

उन्होंने कहा कि जिला के कई क्षेत्रों में प्राकृतिक तौर पर भांग उग जाती है और युवा पीढ़ी इस दलदल में फंस जाती है लेकिन सरकार ने जो भांग उखाड़ो अभियान चलाया है उसमें पूरी तरह से बढ़चढ़ कर भाग लिया और जिला की जल्लूग्रां पंचायत को पूरी तरह से भांगमुक्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत जल्लूग्रां में अथाह विकास किए जा रहे हैं और स्वच्छता व भांग उखाड़ो अभियान में भी पंचायत के लोग बढ़चढ़ कर भाग लेते हैं। उन्होंने पंचायत के लोगों का आभार व्यक्त किया है कि वे पंचायत के हर कार्य में बढ़चढ़ कर भाग लेते हैं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!