सिरमौर जिला के नौहराधार के तहत कंडा कोटी गांव में सिलेंडर में ब्लास्ट होने से रसोई घर के परखचे उड़ गए। इस घटना में जहां रसोई घर में रखा सामान पूरी तरह से आग की भेंट चढ़ गया, वहीं साथ लगते मकान के कमरे की दीवारों में भी दरारें पड़ गई। ब्लास्ट इतना जबदरस्त था कि आवाज सुनते ही लोग दहशत में आ गए। घटना जानकी देवी के घर की रसोई घर में पेश आई। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानकारी नुक्सान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार घटना के वक्त जानकी देवी रसोई से कुछ दूरी पर स्थित अलग कमरे में सोई थी। बताया जा रहा है कि सिलेंडर लीक होने के कारण यह ब्लास्ट हुआ। घटना में सिलेंडर के भी टुकड़े-टुकड़े हो गए। धमाके के बाद रसोई घर में रखा सामान जलकर राख हो गया, वहीं छत सहित रसोई घर के भी परखचे उड़ गए। साथ ही जानकी देवी के घर के दूसरे कमरे में भी दरारे पड़ गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पीड़ित परिवार को इस घटना में काफी नुक्सान उठाना पड़ा है। घटना की जानकारी प्रशासन व पुलिस को दे दी गई है। जानकी देवी गरीब परिवार से है। लिहाजा ग्रामीणों व पीड़िताने प्रशासन से उचित मुआजे की गुहार लगाई है।