जिला सिरमौर पुलिस ने मारपीट और दहशत फैलाने के गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला 26 जनवरी का है, जब ये युवक मारकंडा पुल के पास एक शादी समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान इन युवकों की कुछ लोगों के बहसबाजी हुई। इस घटना में युवकों ने हथियारों का इस्तेमाल किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार हरियाणा से सात युवक स्विफ्ट कार में सवार होकर नाहन के एक स्थानीय निवासी रोहित की शादी में शामिल होने आए थे। शादी समारोह के दौरान मारकंडा पुल के समीप किसी बात को लेकर इन युवकों की स्थानीय लोगों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने अपने साथ लाए हॉकियों, डंडों और पिस्टल से हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सदर नाहन में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। इस मामले में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विशाल (29) निवासी गांव जैदर, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर (हरियाणा), आशिक (23) निवासी गांव जैदर, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर, मुकेश ठाकुर (25) निवासी गांव रखनी, शम्भुवाला, तहसील नाहन, साबीर (25) निवासी गांव जैदर, जिला यमुनानगर और रवि (25) निवासी गांव जैदर, जिला यमुनानगर शामिल हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत रिमांड पर हैं। पुलिस ने अभियोग में वांछित स्विफ्ट कार नंबर HR02AR-7859 को बरामद कर लिया है, जबकि वारदात में प्रयुक्त हॉकियों, डंडों और पिस्टल की रिकवरी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था भंग करने और दंगा-फसाद फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर कोई ढील नहीं दी जाएगी।










