Khabron wala
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह तनाव में हैं। इस कारण उनको हर दिन स्टेटमैंट देने की आदत पड़ गई है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को मंडी में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर के नारे लगने से दुख हुआ और इस कारण वह अब उनके (अनुराग ठाकुर) गृह विधानसभा क्षेत्र में रैली करने चले गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने फिर आरोप लगाया कि भाजपा 5 गुटों में बंट चुकी है तथा इस बात को अब अनुराग ठाकुर ने भी स्वीकार कर लिया है। इसमें पहला गुट केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, दूसरा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, तीसरा पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर, चौथा पूर्व मंत्री रमेश धवाला एवं पांचवां कांग्रेस से गया बिका हुआ गुट है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता किसी का भला करने की बजाय बयानबाजी करने में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तो भाजपा के 5 गुटों में से कोई भी गुट उनके लिए चुनौती नहीं है, क्योंकि कोई भी उभरकर सामने नहीं आया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की इस गुटबाजी में कांग्रेस का कोई हाथ नहीं है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक राजनीतिक दबाव में होने के कारण नेता प्रतिपक्ष को अभी स्थिर होने में समय लगेगा। ऐसे में उनको जो लिखकर दिया जाता है, वह उसको पढ़कर बोले देते हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तो जयराम ठाकुर गुट के विधायक भी भागने लगे हैं।
भाजपा ने लोकतंत्र को खरीदने की कोशिश की
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में लोकतंत्र को खरीदने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है, जहां इस तरह के हथकंडे नहीं चलते। भाजपा को इसका जवाब प्रदेश की जनता ने कांग्रेस विधायक दल की विधानसभा में सदस्य संख्या फिर से 40 तक पहुंचा कर दिया।
अभी 2 वर्ष बाकी, जनता तय करेगी किसकी सरकार बनेगी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के अभी 2 वर्ष बाकी हैं। इसके बाद प्रदेश की जनता तय करेगी कि किसकी सरकार बनेगी। प्रदेश सरकार इस समय जनता की भलाई के लिए काम कर रही है। इसके तहत शिक्षा और स्वास्थ्य के अलावा पर्यटन क्षेत्र में सुधारवादी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश की संपदा को बेचने की कोशिश की तथा हम उसको वापस ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेची गई संपदा की जानकारी जनता की अदालत में दी जाएगी।
आबकारी नीति बदलकर राजस्व कमाया
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने आबकारी नीति में बदलाव करके राजस्व कमाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 5 वर्ष के कार्यकाल में जहां 400 करोड़ रुपए कमाए, वहीं कांग्रेस सरकार ने 1 वर्ष में 600 करोड़ रुपए कमाए। भाजपा सरकार ने 5 वर्ष ठेके 10 फीसदी दर से रिन्यू किए, जबकि वर्तमान सरकार ने इस प्रक्रिया को बदला।
दिल्ली विस्फोट के बाद हिमाचल में एहतियात बरती
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दिल्ली विस्फोट के बाद हिमाचल में एहतियात बरती गई है। उन्होंने उच्च प्रशासनिक अधिकारियों को सख्ती बरतने को कहा है, ताकि असामाजिक तत्व किसी प्रकार की अप्रिय घटना को अंजाम न दे सकें।








