उपमंडल पांवटा साहिब के गोंदपुर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मंजू देवी पत्नी अकडू दास निवासी बिहार के रूप में हुई है। महिला गोंदपुर में अपने पति और तीन बच्चों के साथ बीते दो वर्षों से किराए के कमरे में रह रही थी। परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर अपना गुजर-बसर कर रहा था।
बताया जा रहा है कि मंजू देवी शाम के समय घर से सब्जी लेने बाजार गई थी। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचित किया और 108 में पहुंचकर मौके पर महिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां पर अस्पताल में तनाव डॉक्टर ने प्राथमिक की जांच कर बताया कि महिला दम तोड़ चुकी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भेजा।
अस्पताल में तैनात डॉक्टर अरुन कमाल ने बताया कि महिला के सिर और बाजू पर गंभीर चोटें थीं। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह पांवटा साहिब में रखा गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना से गोंदपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, जबकि पुलिस अब वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।
मामले की पुष्टि डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने की है, उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं जल्द ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होगा।









