एलपीजी की किल्लत के बीच भी विश्व में सिखों के दूसरे बड़े तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में लंगर सेवा निर्बाध रूप से जारी है। प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही ने रविवार को बताया कि इंडियन ऑयल कंपनी के डीजीएम ने आश्वस्त किया है कि लंगर सेवा के लिए सिलिंडर की कमी नहीं होने दी जाएगी।
अध्यक्ष ने बताया कि गुरु के दरबार में कभी भी लंगर की सेवा में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। संगतों के लिए गुरु का लंगर 24 घंटे चालू है। एक बार में हाल में 500 संगतों के लंगर छकने की व्यवस्था है। प्रतिदिन 15 से 20 हजार संगत पंगत में बैठकर लंगर छक रहे हैं।
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के लंगर प्रभारी तेजिन्दर सिंह बंटी ने रविवार की दोपहर बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन सुबह छह से 11 बजे तक संगतों को नाश्ता, दिन में 11:30 बजे से पांच बजे तक लंगर, शाम पांच से सात चाय-पानी की सेवा तथा शाम 7:30 बजे से सुबह तक लंगर सेवा जारी है।
लंगर प्रभारी ने बताया कि जब से एलपीजी की किल्लत बढ़ी है तब से स्थानीय संगतों की संख्या भी बढ़ी है। लंगर प्रभारी ने बताया कि पहले लगभग 14 से 15 हजार संगत प्रतिदिन पंगत में बैठकर लंगर छकते थे। गैस की किल्लत के बाद तीन से चार हजार स्थानीय संगतों की संख्या बढ़ी है।
अधीक्षक दलजीत सिंह ने बताया कि प्रतिदिन लंगर सेवा में 25 सिलिंडर की खपत हो रही है। खर्च के अनुपात में गैस सिलिंडर भी प्रतिदिन आ रहा है।
तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के लंगर हाल में रविवार को भावुक दृश्य देखने को मिला। जब कालीस्थान में रहने वाली गुड़िया आने तीन बच्चों व पति के साथ पंगत में बैठकर लंगर छकते मिली। गुड़िया ने बताया कि होली पर्व के दौरान बाहर से मेहमान आए थे।
पुआ पकवान बनाने में गैस की खपत अधिक हो गई। 25 दिनों तक चलने वाला सिलिंडर 19 दिनों में ही खत्म हो गया। कई दिनों से सिलिंडर बुक करने की कोशिश कर रही थी लेकिन सर्वर डाउन बता रहा था।
एजेंसी वाले 25 दिन के बाद नंबर लगने की बात कहकर टाल रहे हैं। बच्चों को भूखा नहीं देख सकती हूं। मजबूरी में गुरुघर ही सहारा दिखा। विगत छह दिनों से गुरुघर के लंगर में जाकर पति व बच्चों के साथ दोनों समय खाना खा रही हूं।
गुड़िया ने बताया कि शनिवार की रात 11 बजे गैस का नंबर तो लगा लेकिन रविवार की शाम तक सिलिंडर नहीं पहुंचा। चौक थाना के सामने स्थित सोनम गैस एजेंसी के पदाधिकारी राणा प्रताप सिंह ने बताया कि जिनकी बुकिंग है उन्हें ओटीपी के आधार पर सिलिंडर दिए जा रहे हैं।
#Bihar #Patna #PatnaSahib




