एक दर्दनाक हादसा पेश आया है जहां बारातियों से भरी बोलेरो कैंपर के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 लोगों की जान चली गई है। वही सूचना मिलने के उपरांत स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
इस दौरान हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर बारातियों को लेकर भट्यूडी से चढ़ेउ वापस लौट रही थी। इसी दौरान जैसे ही वाहन कोटि उतरऊ कैंची के पास पहुंचा तो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
स्थानीय लोगों को जब हादसे का पता चला तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को रेस्क्यू करने का प्रयास किया गया परंतु मोके पर 9 लोगों ने दम तोड़ दिया एक ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ा है जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
यहां एक और घायल ने पांवटा साहिब में दम तोड़ दिया है। जिसके चलते मरने वालों की संख्या 10 हो गई है। हालांकि अभी तक घायलों की शिनाख्त नहीं हो पाई है परंतु बताया जा रहा है कि सभी मृतकों की आयु 18 से 22 वर्ष के बीच की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जिला सिरमौर के शिलाई उप-मंडल के अंतर्गत पशोग गांव में सोमावार सायं हुई सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है जिसमें नौ लोगों की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शान्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने तथा घायलों को बेहतर उपचार सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रूपए की मुआवजा राशि जारी करने और घायलों को मुफ्त इलाज के साथ प्रति व्यक्ति 10000 रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है।
जिला प्रशासन ने हर एक मृतक के परिवार को 10000 रूपए की मुआवजा राशि तुरंत जारी कर दी है।