जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन की आदर्श केंद्रीय कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। नाहन पुलिस ने कैदी का पोस्टमार्टम करवाकर बुधवार को शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। नाहन पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 50 वर्षीय राजेन्द्र सिंह पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी 5-C/42, विष्णु गार्डन खुईवाली गली नई दिल्ली वर्ष 2004 में शिमला में हुए एक हत्या के मामले में नाहन जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
वह अब तक केवल एक बार पैरोल पर गया था। मंगलवार दोपहर बाद को उसे आर्थो संबंधी जांच के लिए पुलिस टीम द्वारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल नाहन ले जाया जा रहा था। इसी दौरान गुन्नूघाट के समीप राजेंद्र सिंह को अचानक चक्कर आ गया और वह बेहोश हो गया।
राजेंद्र सिंह को अस्पताल ले जा रहे पुलिस कर्मचारियों ने घटना की जानकारी जेल अधीक्षक को दी। उसी समय जेल से तत्काल एम्बुलैंस बुलाई गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही कैदी की रास्ते में मौत हो गई।
उधर जेल अधीक्षक भानु प्रकाश शर्मा और डीएसपी हेड क्वार्टर रमाकांत ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को कैदी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। माना जा रहा है कि कैदी को दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।