ADVERTISEMENT

शिमला में भीषण सड़क हादसा, कई गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद खड्ड में गिरा ट्रक! चालक की मौत

Khabron wala

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के अंतर्गत मंगलवार रात एक अनियंत्रित ट्रक ने जमकर कहर बरपाया। दत्तनगर में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद यह ट्रक भद्राश के पास करीब 35 फीट गहरी मछाड़ा खड्ड में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले कई गाड़ियों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात का है। बताया जा रहा है कि ट्रक (HP64A-9760) काफी तेज रफ्तार में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मछाड़ा खड्ड में गिरने से पहले इस ट्रक ने दत्तनगर इलाके में खड़ी कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मारी थी, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। माना जा रहा है कि इसके कुछ ही दूरी बाद चालक ट्रक पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से 30 से 35 फीट नीचे खड्ड में जा गिरा।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, जिसके भीतर से घायल चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। चालक को पहले खनेरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे IGMC शिमला रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उसे ठियोग अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आयुष, निवासी शिलगांव (शोघी, शिमला) के रूप में हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
रामपुर पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 281 और 125(A) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!