Khabron wala
उपमंडल ठियोग के अंतर्गत मतियाना बाजार में शनिवार शाम भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई. जानकारी के मुताबिक दिल्ली नंबर की ऑडी कार में सवार दो पर्यटकों की कुछ स्थानीय लोगों की झड़प हो गई. बहस के दौरान स्थानीय लोग और दोनों पर्यटक आपस में उलझ गए. इसके बाद एक पर्यटक ने लोगों को डराने के लिए पिस्तौल निकाल दी. इससे लोगों का गुस्सा भड़क गया. लोगों ने इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई कर दी.
खुद को घिरता और लोगों का गुस्सा बढ़ता देख दोनों पर्यटक फरार हो गए. इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही ठियोग पुलिस अलर्ट हो गई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रेमघाट चौक पर नाका लगाया और उक्त वाहन को रोक लिया. तलाशी के दौरान पुलिस को वो पिस्तौल जैसी वस्तु बरामद हुई, जो जांच में ‘मेड इन चाइना’ लाइटर पाई गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद
शिकायत विवेक खंगटा निवासी टिक्कर, शिमला ने बताया कि शाम पांच बजे वो अपनी कार से शिमला की ओर जा रहे थे. जब वह मतियाना बाजार पहुंचे, तो पीछे से आ रही एक ऑडी कार ने गलत तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की और उनकी गाड़ी के आगे अपनी कार अड़ाकर रास्ता रोक लिया. इसके बाद ऑडी कार से उतरे दो युवकों उज्ज्वल जैन और सोहिल अरोड़ा भद्दी गालियां देने शुरू कर दी, विवाद इतना बढ़ा कि उनमें से एक ने पिस्तौल जैसी दिखने वाली वस्तु निकाली और सिर के पिछले हिस्से पर उससे वार किया. आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी.
बाजार में सरेआम पिस्तौल तनते देख स्थानीय लोग भड़क गए और बीच-बचाव के लिए इकट्ठा हो गए. इस दौरान गुस्साए लोगों और पर्यटकों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें दोनों पर्यटकों को भी चोटें आईं. खुद को घिरता देख आरोपी अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए.
पुलिस थाना ठियोग में शिकायतकर्ता विकेश देष्टा के बयान पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की आगामी तफ्तीश कर रही है.












