ADVERTISEMENT

पिता धूमल के जन्मदिन पर अनुराग ठाकुर का बड़ा ऐलान, कहा-2027 में सत्ता में आएगी ‌BJP…हमीरपुर की पांचों सीटें जीतेंगे

Khabron wala

पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के जन्मदिन पर समीरपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 2027 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और हमीरपुर जिले की पांचों सीटें भाजपा जीतेगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है। पार्टी के शुरुआती दौर में इन कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए त्याग और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और केंद्र में भी लगातार तीसरी बार सरकार बनी है। यह सब इन पुराने कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है।

युवा मोर्चा को दी नसीहत
अनुराग ठाकुर ने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे ऐसे अवसरों पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिलें, उनके अनुभवों को जानें और उनकी कार्यशैलियों को वर्तमान संगठनात्मक कार्यप्रणाली में अपनाएं। उन्होंने कहा कि हर मंडल सुनिश्चित करे कि पुराने कार्यकर्ताओं के साथ युवा मोर्चा का संवाद हो, ताकि युवा सीखें कि विपरीत परिस्थितियों में जब पार्टी की कोई सरकार नहीं होती थी, उस समय भी ये कार्यकर्ता कैसे पार्टी को मजबूत बनाने में जुटे रहे।

धूमल की सोच से बने टनल और फोरलेन
अनुराग ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2009 में नितिन गडकरी ने पूछा था कि हिमाचल में सफर कैसे आसान हो सकता है, तब प्रो. धूमल ने कहा था कि टनल और पुलों का निर्माण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जबसे केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, तबसे हिमाचल में फोरलेन और डबल लेन बने हैं। हमारी सरकार ने हिमाचल में सफर आसान किया और पर्यटकों का समय भी बचाया है।

धूमल बोले-जनता और कार्यकर्ताओं का हमेशा ऋणी रहूंगा
पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे नेताओं, कार्यकर्ताओं व लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व का हमेशा ऋणी रहूंगा, जिनकी बदौलत मुझे और मेरे परिवार को देश व प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि आज पुराने कार्यकर्ताओं के साथ मिलना हुआ और पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं। पार्टी को बड़ा और मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रहती है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिए एकजुटता से काम करते रहें।

अटल पुस्तकालय का शुभारंभ
इस अवसर पर नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय में अटल पुस्तकालय का शुभारंभ प्रो. धूमल द्वारा किया गया। इस पुस्तकालय का उद्देश्य कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं को वैचारिक रूप से समृद्ध करना तथा संगठन के इतिहास, राष्ट्रवाद और प्रेरणादायक साहित्य से जोड़ना है। धूमल ने स्वयं भी पुस्तकालय के लिए अनेक पुस्तकों का योगदान दिया। उन्होंने कहा कि अटल पुस्तकालय कार्यकर्ताओं के लिए अध्ययन, चिंतन और संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और संगठन की वैचारिक धारा को सुदृढ़ करेगा।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!