ADVERTISEMENT

सिरमौर में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा, मचा हड़कंप! मौके पर पहुंची पुलिस

Khabron wala

जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत माटल-बखोग के बखोग गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों में पाकिस्तान से जुड़े निशानों वाला एक गुब्बारा मिला। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीण लोकेंद्र ठाकुर और उनकी पत्नी की नजर जैसे ही इस गुब्बारे पर पड़ी, उस पर “पी.आई.ए.” और पाकिस्तान से मिलते-जुलते रंग-चिन्ह देखकर वे चौंक गए। देखते ही देखते गांव में यह खबर फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद तरह-तरह की आशंकाएं भी सामने आने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद इसे एक साधारण खिलौना गुब्बारा बताते हुए किसी भी तरह के सुरक्षा खतरे से इनकार किया है। डीएसपी राजगढ़ विद्याचंद नेगी ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया यह कोई संदिग्ध वस्तु नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी अपील की कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नजर आए तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

जानकारों का मानना है कि इस तरह के गुब्बारे अक्सर भारत-पाक सीमा, खासकर जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में देखे जाते रहे हैं, जहां इन्हें पब्लिसिटी, धार्मिक संदेश या सामान्य गतिविधियों के तहत छोड़ा जाता है। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में तेज हवाएं चल रही थीं, ऐसे में यह संभावना भी जताई जा रही है कि गुब्बारा हवा के साथ लंबी दूरी तय करते हुए हिमाचल तक पहुंच गया हो।

बहरहाल, माटल-बखोग की यह घटना भले ही फिलहाल सामान्य प्रतीत हो रही हो, लेकिन इसने साफ संकेत दे दिया है कि बदलते दौर में छोटी से छोटी असामान्य गतिविधि को भी गंभीरता से लेने और सतर्क रहने की जरूरत है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!