Khabron wala
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने लंबित बिलों का भुगतान न करने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई है। बोर्ड ने ऐसे डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे, जिससे बकायेदारों में हड़कंप मच गया। इस बड़ी कार्रवाई के बाद बोर्ड ने डिफाल्टरों से 1.49 करोड़ रुपए की वसूली की है। ये कार्रवाई न सिर्फ उद्योगों पर अमल में लाई, बल्कि घरेलु उपभोक्ता भी इससे अछूते नहीं रहे।
विद्युत बोर्ड के अनुसार विद्युत उपमंडल कालाअंब के तहत आने वाले कई व्यावसायिक और घरेलु उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिलों की अदायगी नहीं कर रहे थे। लिहाजा, बोर्ड ने 16 उद्योगों से कनेक्शन काट दिए। इसके साथ साथ 52 घरेलु उपभोक्ताओं पर भी कार्रवाई की गाज गिराई। इस बड़ी कार्रवाई के बाद उद्योगों से 1.35 करोड़ रुपए की वसूली की गई, जबकि घरेलु उपभोक्ताओं से 14 लाख रुपए की रिकवरी हुई। कुल मिलाकर बोर्ड ने 1.49 करोड़ रुपए की राशि वसूल करने में सफलता पाई।
एसडीओ ई. महेश चौधरी ने पुष्टि करते हुए बताया कि 1.49 करोड़ रुपए की वसूली की गई है। जिन उपभोक्ताओं के बोर्ड ने कनेक्शन काटे थे, इस रिकवरी के बाद उनके कनेक्शन रिस्टोर कर दिए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वह बिजली का बिल समय पर अदा करें, ताकि इस तरह की कार्रवाई से बचा जा सके।









