ADVERTISEMENT

सिरमौर में दर्दनाक हादसा : रोनहाट में भंगाल खड्ड में गिरी कार, 32 साल के युवक की मौत, इलाके में शोक

Khabron wala

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में रोनहाट के पास गुरुवार को दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां पेट्रोल पंप के समीप एक कार के खाई में गिरने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आज सुबह रोनहाट के पास एक कार (एचपी 71ए 7990) अनियंत्रित होकर सीधे भंगाल खड्ड में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को खड्ड से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी रोनहाट ले जाया गया और हालत नाजुक होने पर शिलाई अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान अजय धीमान (32) पुत्र सूरत सिंह, गांव शरोग, डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। शिलाई अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार अजय पेंटर के साथ-साथ बजंतरी का काम भी करता था। उधर, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर पैरापिट और क्रैश बैरियर न होने के कारण इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा इंतजाम होते तो शायद एक और जान बचाई जा सकती थी।

गिरिपार क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है। वहीं वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि रोनहाट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतते हुए धीमी गति से वाहन चलाएं, क्योंकि हाल के समय में यहां कई दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!