Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के दाड़लाघाट क्षेत्र में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ रिहायशी मकान में घुस आया। अचानक हुई इस घटना से परिवार दहशत में आ गया, हालांकि सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ घर के आंगन में बंधे पालतू कुत्ते पर झपट पड़ा। कुत्ता जान बचाकर बाथरूम की ओर भागा और तेंदुआ भी उसके पीछे अंदर चला गया। इसी दौरान घर के बाहर शोर और अजीब आवाजें सुनकर मकान मालिक कुलदीप की नींद खुल गई। जब उन्होंने बाहर आकर देखा, तो माजरा समझ आते ही उन्होंने बिना डरे तुरंत बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे तेंदुआ अंदर ही फंस गया। पूरी रात तेंदुआ और कुत्ता बाथरूम में बंद रहे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विशेषज्ञों की मदद से तेंदुए को बेहोश किया गया।
वन विभाग की टीम ने आज दोपहर करीब 12:30 बजे तेंदुए को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।









