हिमाचल में पति बना ह.त्यारा : मामूली झगड़े में पत्नी पर किए कई वार, 3 महीने पहले ही हुई थी शादी

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है।

पति ने की पत्नी की हत्या
जानकारी के अनुसार, कसौली के शनोगी गांव में रहने वाले चतर सिंह (43) और उसकी पत्नी सुमन (38) के बीच शनिवार रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर चतर सिंह ने कथित तौर पर पत्नी पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते सुमन की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी कुठाड़ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के भीतर खून से लथपथ हालत में सुमन का शव बरामद किया। जांच के दौरान महिला के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव पाए गए- जिससे साफ जाहिर होता है कि हमला बेहद बेरहमी से किया गया।

तीन महीने पहले ही हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि चतर सिंह और सुमन की शादी नवंबर 2025 में ही हुई थी। शादी के महज तीन महीने बाद इस तरह की खौफनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी, हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

घटना की खबर फैलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी का कहना था कि सुमन की हत्या उसके पति ने ही की है। मृतका की रिश्तेदार पूजा, निवासी शामती, ने पुलिस को बताया कि परिवार को नरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर झगड़े की सूचना दी थी। इसके बाद जब वे घर पहुंचे तो सुमन मृत अवस्था में पड़ी मिली।

आरोपी पति हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के बाद रविवार देर शाम आरोपी पति चतर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा, ताकि उससे गहन पूछताछ कर वारदात के कारणों का खुलासा किया जा सके।

पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू और एक कैंची बरामद की है, जिनका इस्तेमाल हत्या में किए जाने की आशंका है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

घरेलू विवाद का मामला
DSP परवाणू अनिल शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!