सोलन सुमन हत्याकांड का आरोपी पति गिरफ्तार

Khabron wala

पुलिस चौकी कुठाड़ थाना कसौली के तहत 31 जनवरी को ग्राम पंचायत मंढेसर के गांव सुनोगी में सुमन हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मृतका के परिजन पहले इसे आत्महत्या व डिप्रैशन का कारण मान रहे थे, लेकिन पुलिस कार्रवाई व लोगों से पूछताछ के बाद सुमन की हत्या का आरोप उसके पति चतर सिंह पर लगा है। जानकारी के मुताबिक कुठाड़ पुलिस को सूचना मिली थी कि चतर सिंह की पत्नी सुमन ने चाकू से हमला कर अपने आप को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी कुठाड़ की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर परिजनों से पूछताछ की। शुरूआती जांच में मृतका का पति पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन पुख्ता आधार व प्रथम दृष्टया में पुलिस ने छानबीन करने पर पाया कि चतर सिंह की पत्नी सुमन अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ी थी, जिसके शरीर व गले पर तेजधार हथियार से वार किए थे व शरीर खून से लथपथ था।

इस वारदात के बाद पूजा निवासी डाकखाना शामती तहसील व जिला सोलन ने पुलिस के पास बयान दर्ज करवाया कि इनके ससुर के मोबाइल पर नरेंद्र सिंह निवासी सुनोगी का फोन आया कि सुमन व उसके पति चतर सिंह के बीच आपसी झगड़ा हुआ है तथा झगड़े के दौरान सुमन ने अपने पति चतर सिंह पर चाकू से वार कर चोट पहुंचाई है, जिसके उपरांत यह अपने परिजनों सहित गांव सुनोगी पहुंचे। मौके पर पाया कि इनकी ननद सुमन (38) पत्नी चतर सिंह निवासी गांव सुनोगी डाकघर मलेरा, तहसील कसौली अपने कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हुई थी, जिसके गले पर तेजधार हथियार से काटने के घाव थे तथा कमरे में खून फैला हुआ था।

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि सुमन की हत्या उसके पति चतर सिंह द्वारा किसी तेजधार हथियार से की गई है, जिस पर पुलिस ने हत्या का मामला थाना कसौली में दर्ज कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल व मृतका के शव का निरीक्षण करने के लिए फाेरैंसिक एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया तथा वारदात से संबंधित सभी भौतिक साक्ष्यों को एकत्रित किया गया है। पुलिस ने मौके से मामले में प्रयुक्त तेजधार हथियार एक चाकू व एक कैंची को अपने कब्जे में लिया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम के लिए शिमला भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक सोलन ने बताया कि अन्वेषण के दौरान पुलिस थाना कसौली की टीम द्वारा इस वारदात के संदर्भ में संदिग्ध लोगों और गवाहों से पूछताछ अमल में लाई गई है। पुलिस ने मौके पर घटित घटना की वास्तविकता की जांच की तथा हत्या के सही कारणों का पता लगाया, जिसमें पाया कि सुमन की हत्या उसके पति आरोपी चतर सिंह द्वारा की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सुनोगी सुमन हत्याकांड के बारे में पुष्टि करते हुए डीएसपी परवाणू ने बताया कि आरोपी पुलिस की हिरासत में है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए शिमला भेजा गया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!