ADVERTISEMENT

बद्दी में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप! दो मुस्लिम परिवारों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे; 8 लोग हुए घायल

Khabron wala 

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत ग्राम पंचायत हरायपुर में जमीन के पुराने विवाद को लेकर मंगलवार रात दो परिवारों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। देखते ही देखते यह विवाद खूनी झड़प में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों पक्षों की शिकायतों पर मानपुर थाने में क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश

वहीं, घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बनाने और इसे धार्मिक रंग देने की कोशिश की गई। हालांकि, पीड़ित पक्ष (हुसन और खलील) ने स्पष्ट किया है कि यह कोई सांप्रदायिक मुद्दा नहीं, बल्कि शुद्ध रूप से जमीन का झगड़ा है, जो लंबे समय से अदालत में विचाराधीन है। मुस्लिम समुदाय से संबंधित पीड़ित पक्ष हुसन के अनुसार, जब वे अपने मकान का लेंटर डाल रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने नशे की हालत में आकर काम रुकवाया और बाद में दर्जनों लोगों ने हथियारों के साथ जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान घर में तोड़फोड़ हुई और वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि इसे हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा न बनाया जाए।

जानें एएसपी ने क्या कहा?

एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। एएसपी ने कहा कि यह दो परिवारों के बीच का आपसी जमीनी विवाद है। पुलिस पूरी निष्पक्षता से जांच कर रही है। क्षेत्र में शांति बनाए रखें और सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी तरह की सांप्रदायिक अफवाह पर विश्वास न करें। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!